भारतीय मूल के लोग हर साल 2 मार्च को मनाएंगे इंडिया गिविंग डे, 14 संगठन एकजुट होकर फंड जुटाएंगे

अमेरिका में रह रहे भारतीय मूल के लोगों ने बड़ा संकल्प लिया है। 14 गैर-लाभकारी संस्थाओं के एक संयुक्त संगठन इंडिया फिलांथ्रोपी अलायन्स (आईपीए) ने इंडिया गिविंग डे मनाने की घोषणा की है। यह दिवस 2 मार्च 2023 को मनाया जाएगा। इस दिन भारत में मानवीय और विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए आर्थिक मदद जुटाई जाएगी। आईपीए सालाना 8,219 करोड़ रूपए जुटाता ही है, लेकिन अगले साल 24,657 करोड़ रु. जुटाने का लक्ष्य है। 

यह रकम भारत में गरीबी और भुखमरी से लड़ने के लिए दी जाएगी। दरअसल, 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर वॉशिंगटन में हुए एक कार्यक्रम में आईपीए ने इंडिया गिविंग डे मनाने का संकल्प लिया। इसके लिए 2 मार्च से पहले 10 दिन का विशेष अभियान चलाकर अमेरिका में रह रहे भारतीय युवाओं को जोड़ा जाएगा। आईपीए के मुताबिक, इससे भारत और अमेरिका के रिश्ते भी मजबूत होंगे। इंडिया फिलांथ्रोपी एलायंस के अध्यक्ष दीपक राज के मुताबिक, भारत ने आजादी के बाद से 75 साल का सफर तय किया है। 

अभी बहुत हासिल करना बाकी है। इसके लिए सिर्फ सरकार के भरोसे बैठे रहना सही नहीं होगा। अगर हममें से हर भारतीय अपनी कमाई से कुछ हिस्सा देने को तैयार है तो भारत निश्चित रूप से बहुत तेजी से विकास करेगा। आईपीए से जुड़ी सेजल देसाई कहती हैं कि भारतीय मूल के लोग अमेरिकी अर्थव्यवस्था में बड़ा योगदान देते आए हैं। रूरी है कि अपने देश के लिए भी सोचा जाए। अमेरिका में रह रहे भारतीय पहले भी अलग-अलग तरीकों से आर्थिक मदद देते रहे हैं। इस बार हमारा प्रयास बड़ी फंडिंग जुटाने का है।


भारत के 103 करोड़ लोगों को सही शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छ पानी की जरूरत, इसलिए फंड जुटा रहे।

यूएन की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत के करीब 103 करोड़ लोगों को अब भी गुणवत्ता युक्त शिक्षा, स्वास्थ्य देखभाल और स्वच्छ पानी समेत कई बुनियादी चीजों की आवश्यकता है। आईपीए के निदेशक एलेक्स काउंट्स ने इंडिया गिविंग दे के लिए उन सभी लोगों से शामिल होने का आह्वान किया, जिनका भारत से संबंध है। उन्होंने अमेरिका में रह रहे भारतीय मूल के लोगों का आह्वान करते हुए कहा कि 2 मार्च 2023 को अपने अपने कैलेंडर में मार्क कर लें। इस बारे में सोचें कि आपके समुदाय के करोड़ों जरूरतमंद लोगों को आपकी जरूरत है। अमेरिका के गैर-लाभकारी संगठन www.indiagivingday.org पर जाकर इंडिया गिविंग डे का हिस्सा बनने के लिए आवेदन कर सकते हैं। संगठन द्वारा जुटाया जा रहा फंड भारत में अलग-अलग कल्याणकारी संगठनों को भेजा जाएगा।

Post a Comment

0 Comments